Bihar

मुख्य सचिव ने सहकारी चीनी मिल सदस्यता पोर्टल लॉन्च किया

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

पटना(PATNA):बिहार सरकार के सहकारिता विभाग ने मधुबनी जिले के सकरी और दरभंगा के   रैयाम में प्रस्तावित प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों की सदस्यता के लिए ऑनलाइन वेब पोर्टल का शुरुआत मुख्य सचिव ने किया. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने गुरुवार को इस पोर्टल का विधिवत उद्घाटन किया.इस मौके पर सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, निबंधक, सहयोग समितियाँ रजनीश कुमार सिंह और  अपर निबंधक विकास कुमार बरियार भी उपस्थित रहे.

सहकारिता विभाग द्वारा विकसित वेब पोर्टल https://esahkari.bihar.gov.in/coop/Sugarcane के जरिए  से इच्छुक और  पात्र किसान ऑनलाइन आवेदन कर प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति के सदस्य बन सकेंगे. समिति के सदस्यों को गन्ना उत्पादन के लिए कृषि आदानों की उपलब्धता, तकनीकी मार्गदर्शन, मिट्टी परीक्षण, कृषि एवं गन्ना विकास से संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ, राज्य सरकार की नीति के अनुरूप गन्ने की खरीद और  गन्ना मूल्य भुगतान में पारदर्शिता जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी.

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि बिहार सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित दोनों सहकारी चीनी मिलें राज्य की औद्योगिक परियोजनाओं के साथ-साथ किसानों की आर्थिक समृद्धि, रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी. डिजिटल माध्यम से सदस्यता प्रक्रिया शुरू होने से किसानों को पारदर्शी, सरल एवं सुगम तरीके से समिति का सदस्य बनने का अवसर मिलेगा.

उन्होंने बताया कि दोनों चीनी मिलों की स्थापना के लिए राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड (NFCSF), नई दिल्ली द्वारा संभाव्यता प्रतिवेदन (Feasibility Report) एवं विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) विभाग को सौंपे जा चुके हैं.  साथ ही स्थापना की दिशा में आगे की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है.

सदस्यता के लिए आवेदन करने वाले किसान की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए. आवेदक संबंधित आयोजन क्षेत्र का निवासी और  गन्ना उत्पादक हो या आगामी दो पेराई मौसमों में गन्ना उत्पादन करने के लिए प्रतिबद्ध हो. सामान्य श्रेणी के किसानों के लिए न्यूनतम 100 डिसमिल तथा आरक्षित श्रेणी एवं महिला किसानों के लिए 50 डिसमिल भूमि पर गन्ना उत्पादन अथवा उत्पादन की प्रतिबद्धता आवश्यक होगी. एक परिवार से केवल एक सदस्य ही आवेदन कर सकेगा.

गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार, रैयाम प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति (प्रस्तावित) के कार्यक्षेत्र में 1,018 ग्राम तथा सकरी प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति (प्रस्तावित) के कार्यक्षेत्र में 1,383 ग्राम शामिल किए गए हैं. इन क्षेत्रों के गन्ना उत्पादक किसानों को समिति से जोड़कर दोनों प्रस्तावित चीनी मिलों के लिए गन्ने की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.

आवेदन प्रक्रिया में सहायता के लिए संबंधित प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं गठित ऑर्गेनाइज़र कमेटी से संपर्क किया जा सकता है. सदस्यता आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है. सहकारिता विभाग ने सभी पात्र किसानों से समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है.

 

TagsBihar