☰
Bihar

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सहयोग शिविर में सुनीं लोगों की शिकायतें, अधिकारियों को ऑन द स्पॉट निपटारे का निर्देश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): सीएम सम्राट चौधरी ने आज यानी मंगलवार को पटना में आयोजित सहयोग शिविर में पूरे बिहार से आए लोगों की शिकायतें सुनीं. इस शिविर में बिहार के अलग-अलग जिलों से 140 से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों की शिकायतों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निपटारे के निर्देश दिए.

सहयोग शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने कई फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने और शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री के निर्देश पर कई शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया तत्काल शुरू की गई, जबकि कुछ मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया. बता दें, शिविर में ऐसे लोग भी पहुंचे, जिनकी शिकायतों का पहले ही निपटारा हो चुका था. इन लोगों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए धन्यवाद दिया.

बता दें, बिहार सरकार की ओर से हर महीने के दूसरे मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जाता है. इस शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पटना पहुंचने वाले लोगों की समस्याएं सुनते हैं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देते हैं. ऐसे में आज मंगलवार को सीएम ने लोगों की शिकायतें सुनी और समाधान के लिए निर्देश दिए. इस पहल का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों को सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाना और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है. अब यह देखना होगा कि शिविर में मिली शिकायतों पर संबंधित विभाग कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं और लोगों को कब तक राहत मिलती है.

TagsBihar