☰
Bihar

 AI पॉलिसी-2026 पर मंथन करेंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, आज तीन अहम बैठकों में लेंगे हिस्सा

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज, 22 अक्टूबर को संकल्प स्थित लोक सेवक आवास में तीन महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे. इन बैठकों में बिहार AI पॉलिसी-2026 तैयार करने, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कामकाज की समीक्षा और नवसृजित 211 डिग्री कॉलेजों के भवन निर्माण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. इन बैठकों को राज्य में तकनीकी विकास, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.

AI पॉलिसी-2026 तैयार करने पर होगा विचार

मुख्यमंत्री की पहली बैठक में बिहार AI पॉलिसी-2026 के प्रारूप को लेकर चर्चा होगी. इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सरकारी सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के जरिए सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और बेहतर बनाना है.

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कामकाज की समीक्षा

दूसरी बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कार्यों की समीक्षा की जाएगी. इसमें सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था पर चर्चा होगी. सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने और सूचना तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहने की संभावना है.

211 डिग्री कॉलेजों के भवन निर्माण पर चर्चा

मुख्यमंत्री की तीसरी बैठक नवसृजित 211 डिग्री कॉलेजों के भवन निर्माण से संबंधित होगी. बैठक में कॉलेजों के भवनों के लिए तैयार मॉडल डिजाइन और संशोधित प्राक्कलन मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे. इस पर चर्चा के जरिए उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं के विकास की दिशा में आगे की कार्ययोजना तय करने पर जोर रहेगा.

मुख्यमंत्री की इन तीनों बैठकों के जरिए बिहार में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने, सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा.

TagsBihar