Bihar

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मेट्रो स्टेशन का किया उद्घाटन, मलाही पकड़ी से ISBT तक का सफर होगा आसान

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मेट्रो स्टेशन का किया उद्घाटन, मलाही पकड़ी से ISBT तक का सफर होगा आसान

पटना (PATNA):पटना के लोगों के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को बड़ी सौगात दी.जहां पटना मेट्रो के मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करते हुए मेट्रो सेवा का विस्तार भूतनाथ रोड स्टेशन तक किया गया. उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने मेट्रो ट्रेन में सवार होकर मलाही पकड़ी से भूतनाथ रोड स्टेशन तक सफर किया.इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे.

 मलाही पकड़ी से ISBT तक का सफर होगा आसान

अब बता दें कि मलाही पकड़ी और भूतनाथ रोड स्टेशन के बीच करीब 3 किलोमीटर की दूरी है. इस स्टेशन के शुरू होने का इंतजार लोग कई महीनों से कर रहे थे.अब उद्घाटन के बाद पटना के आम लोग भी मलाही पकड़ी स्टेशन से मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकेंगे.आपको बता दें कि आज उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी.उद्घाटन से पहले स्टेशन को काफी आकर्षक तरीके से सजाया-संवारा गया था.इस विस्तार के साथ पटना मेट्रो की पहुंच भूतनाथ से आगे बढ़कर कंकड़बाग और राजेंद्र नगर जैसे प्रमुख आवासीय क्षेत्रों तक मजबूत होगी.

16 मिनट में तय होगा सफर

आपको बता दें कि मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक करीब 6.2 किलोमीटर की दूरी लोग महज 16 मिनट में तय कर पाएंगे. मेट्रो सेवा सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी और हर 35 मिनट के अंतराल पर ट्रेन चलेगी. फिलहाल इस रूट पर एक ही मेट्रो ट्रेन का संचालन किया जाएगा. वहीं, मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक यात्रा के लिए 30 रुपये किराया निर्धारित किया गया है, जो वर्तमान में इस रूट का अधिकतम किराया है.इस विस्तार से खासतौर पर कंकड़बाग, राजेंद्र नगर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सबसे अधिक सुविधा मिलेगी. इन क्षेत्रों के लोगों का सफर अब अधिक तेज और सुविधाजनक होगा.

किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

वहीं, किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 9217080421 और मेट्रो हेल्पलाइन नंबर 155370 जारी किया गया है. किसी भी तरह की सहायता के लिए यात्री इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।आपको बता दें कि उद्घाटन समारोह के बाद आज गुरुवार को मेट्रो सेवा को अस्थायी रूपा से स्थगीत किया गया है.शुक्रवार से विस्तारित रूट पर मेट्रो सेवा का संचालन शुरू हो जाएगा.