Bihar

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व भाजपा जिला अध्यक्षों के साथ बुलाई अहम बैठक, कामकाज पर लेंगे फीडबैक

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): राजधानी पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. इस बैठक को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टिकोण से खास माना जा रहा है. पूर्व जिला अध्यक्षों के साथ इस तरह सीधे संवाद और सरकार के कामकाज पर विस्तृत फीडबैक लेने की पहल को महत्वपूर्ण बताया जा रहा है. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री अलग-अलग जिलों की जमीनी स्थिति को समझने की कोशिश करेंगे. पूर्व जिला अध्यक्ष अपने क्षेत्र में सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर जनता के बीच बनी राय से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे.

किन कामों से जनता खुश, कहां है नाराजगी?

बैठक का प्रमुख उद्देश्य यह जानना है कि बिहार सरकार के किन कार्यों और योजनाओं को लेकर आम लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया है और किन मुद्दों पर नाराजगी या असंतोष देखने को मिल रहा है. पूर्व जिला अध्यक्ष लंबे समय तक संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और स्थानीय स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ उनका संपर्क रहा है. ऐसे में सरकार को उनके माध्यम से जिलों की वास्तविक स्थिति और जनता की प्रतिक्रिया की जानकारी मिलने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री यह भी जानने की कोशिश करेंगे कि जिलों में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन किस तरह हो रहा है. सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं और स्थानीय स्तर पर किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, इन विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है.सरकार के कामकाज के साथ बैठक में भाजपा संगठन की गतिविधियों को लेकर भी बातचीत होगी. जिलों में संगठन किस तरह काम कर रहा है, कार्यकर्ताओं के बीच क्या माहौल है और स्थानीय स्तर पर किन मुद्दों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है, इसका फीडबैक भी लिया जाएगा.

सरकार को मिलेगा जिलों का सीधा फीडबैक

बैठक में पहुंचे पूर्व जिला अध्यक्षों ने इसे महत्वपूर्ण संवाद बताया. उनका कहना है कि वे मुख्यमंत्री के सामने अपने-अपने जिलों की स्थिति रखेंगे और बताएंगे कि सरकार के कामकाज को लेकर जनता की क्या प्रतिक्रिया है.इस बैठक के जरिए मुख्यमंत्री को अलग-अलग जिलों से सीधे जमीनी फीडबैक मिलने की उम्मीद है. जनता की संतुष्टि, नाराजगी, विकास कार्यों की स्थिति और संगठन से जुड़े विषयों पर मिलने वाली जानकारी सरकार तथा पार्टी की आगे की रणनीति के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.

TagsBihar