Bihar

जन्माष्टमी पर पटना ISKCON मंदिर जाने से पहले देखें ट्रैफिक प्लान, इन रास्तों पर एंट्री बंद, यहां मिलेगी पार्किंग

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): जन्माष्टमी के मौके पर राजधानी के ISKCON मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं. शुक्रवार सुबह से जन्माष्टमी का कार्यक्रम समाप्त होने तक मंदिर के आसपास कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और मंदिर तक पैदल जाने की अपील की गई है.

बुद्ध मार्ग से मंदिर की तरफ नहीं जा सकेंगे वाहन 

विशेष ट्रैफिक व्यवस्था के तहत बुद्ध मार्ग से ISKCON मंदिर की ओर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. जीपीओ फ्लाईओवर से बुद्ध मार्ग की तरफ आने वाले वाहनों को भी आगे नहीं जाने दिया जाएगा. अदालतगंज मार्ग पर दोनों दिशाओं में वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.

निजी गाड़ियों के अलावा ऑटो, ई-रिक्शा और मिनी बसों पर भी संबंधित प्रतिबंधित मार्गों पर रोक लागू रहेगी. इसका उद्देश्य मंदिर के आसपास वाहनों का दबाव कम करना और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना है.

इन रास्तों से डायवर्ट किया जाएगा ट्रैफिक 

कोतवाली की तरफ से आने वाली गाड़ियों को डाकबंगला चौराहा के रास्ते पटना जंक्शन की ओर भेजा जाएगा. जीपीओ के नीचे से ISKCON मंदिर की दिशा में जाने वाले वाहनों को आर-ब्लॉक की तरफ मोड़ा जाएगा.

इसके अलावा फ्रेजर रोड से श्रीनिवास पथ और बंदर बगीचा से बुद्ध मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा. ऐसे में इस इलाके से गुजरने वाले लोगों को पहले से वैकल्पिक रास्ता चुनने की सलाह दी गई है.

श्रद्धालुओं के लिए इन जगहों पर पार्किंग 

मंदिर के आसपास जाम की स्थिति न बने, इसके लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. श्रद्धालु मौर्यालोक, बुद्ध स्मृति पार्क, जीपीओ, मल्टी-मोडल हब और मिलर हाई स्कूल परिसर में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे. पार्किंग के बाद मंदिर की तरफ पैदल जाने की सलाह दी गई है.

सुरक्षा में 150 पुलिसकर्मी तैनात 

जन्माष्टमी की भीड़ को संभालने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है. तीन डीएसपी, 50 पुलिस अधिकारी और 100 जवान तैनात रहेंगे. डॉल्फिन टीम और यातायात ओपी की मोबाइल टीमें भी क्षेत्र में गश्त करेंगी.

भीड़भाड़ में मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान की चोरी रोकने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.

घर से निकलने से पहले तय कर लें वैकल्पिक रूट

यदि शुक्रवार को आपका रास्ता बुद्ध मार्ग, जीपीओ, डाकबंगला, फ्रेजर रोड, आर-ब्लॉक या पटना जंक्शन क्षेत्र से होकर गुजरता है, तो अतिरिक्त समय लेकर निकलना बेहतर रहेगा. पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक प्रतिबंधों का पालन करने और मंदिर के आसपास अनावश्यक रूप से निजी वाहन नहीं ले जाने की अपील की है.

 

TagsBihar