Bihar

बिहार बंद के बीच पटना में बवाल,गांधी मैदान थाने के पास ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर बम से हमला,जानिए पूरी खबर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांधी मैदान थाना क्षेत्र के पास ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी (पीओ) पर भीड़ में शामिल उपद्रवी तत्वों ने बम से हमला कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.

असामाजिक तत्वों ने अचानक बम फेंका

जानकारी के अनुसार, बंद के दौरान बड़ी संख्या में लोग गांधी मैदान के आसपास जुटे हुए थे. इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक बम फेंक दिया. हमला ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिस पदाधिकारी को निशाना बनाकर किया गया बताया जा रहा है. विस्फोट की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

घटना की सूचना मिलते ही गांधी मैदान थाना पुलिस और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गए. पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमले में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके. संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.

इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

फिलहाल पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

शांति बनाए रखने की अपील

हालांकि, इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.बिहार बंद के दौरान हुई इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.

 

 

TagsBihar