पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में तिरंगा यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर गांधी मैदान में प्रवेश तक के लिए पुलिस और प्रशासन को तैनात किया गया. हालांकि कार्यक्रम के दौरान सामने आए एक वीडियो ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांधी मैदान पहुंचे थे
बताया जा रहा है कि बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री दिलीप जायसवाल तिरंगा यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांधी मैदान पहुंचे थे. उनके साथ गाड़ी में मिथिलेश तिवारी भी मौजूद थे. लेकिन गांधी मैदान के प्रवेश द्वार पर उनकी गाड़ी को रोक दिया गया और गेट बंद रहा. वीडियो में मौके पर पटना पुलिस के जवान और अधिकारी भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. मंत्री के साथ मौजूद लोगों की ओर से पुलिस और संबंधित अधिकारियों को बताया गया कि गाड़ी में मंत्री मौजूद हैं और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होना है. इसके बावजूद कुछ समय तक गाड़ी को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली.
सरकार के मंत्रियों को प्रवेश के लिए इंतजार करना पड़ा
इसके बाद मंत्री की मौजूदगी को लेकर संबंधित अधिकारियों तक मैसेज पहुंचाया गया. बताया जा रहा है कि ऊपर से निर्देश मिलने के बाद गेट खोला गया और मंत्री की गाड़ी को गांधी मैदान में प्रवेश करने दिया गया. इस घटनाक्रम के बाद कार्यक्रम की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. जिस तिरंगा यात्रा को लेकर पहले से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां की गई थीं उसी कार्यक्रम में सरकार के मंत्रियों को प्रवेश के लिए इंतजार करना पड़ा.
आधिकारिक पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी
वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गांधी मैदान पहुंचने और उनके काफिले से जुड़ी व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हो रही है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब सरकार के मंत्री को ही प्रवेश के लिए अधिकारियों के निर्देश का इंतजार करना पड़ा तो आम लोगों के लिए व्यवस्था कितनी सहज रही होगी. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर पटना पुलिस या प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
