Bihar

प्रशांत किशोर की बढ़त पर जन सुराज कार्यालय में जश्न, कार्यकर्ताओं ने खेली होली,पढ़ें पूरी खबर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार में मतगणना के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के लगातार बढ़त बनाए रखने की खबर सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. राजधानी पटना स्थित जन सुराज के केंद्रीय कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया. जैसे-जैसे मतगणना के रुझानों में प्रशांत किशोर की बढ़त की खबर आती गई, वैसे-वैसे कार्यालय में जश्न का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया.

खुशी का इजहार किया

कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया. कई कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते नजर आए, जबकि कुछ ने होली के रंगों के साथ जीत की खुशी मनाई. पूरे परिसर में "प्रशांत किशोर जिंदाबाद" और "जन सुराज जिंदाबाद" के नारे गूंजते रहे. समर्थकों का कहना है कि शुरुआती रुझानों में मिली बढ़त जनता के विश्वास का संकेत है और उन्हें उम्मीद है कि अंतिम परिणाम भी उनके पक्ष में आएगा.

एक-दूसरे को बधाई दी

जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां भी बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी.बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता भी कार्यालय पहुंचे और पार्टी के पक्ष में नारे लगाते हुए खुशी जाहिर की. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो.

फिलहाल मतगणना जारी

हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से अंतिम परिणाम घोषित किया जाना अभी बाकी है. फिलहाल मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों के आधार पर जन सुराज के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है. सभी की निगाहें अब अंतिम नतीजों पर टिकी हैं. यदि यह बढ़त बरकरार रहती है तो पार्टी के लिए यह एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि मानी जाएगी. फिलहाल पटना स्थित जन सुराज कार्यालय में कार्यकर्ता रंग-गुलाल के साथ जश्न मनाते हुए अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं.

 

TagsBihar