☰
CAREER

टीआरई 4 परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई, जानें कब तक फॉर्म भर सकेंगे अभ्यर्थी

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बिहार लोक सेवा आयोग ने शिक्षक नियुक्ति परीक्षा टीआरई 4 परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन की तारीख बढ़ा दी है. शिक्षक अभ्यर्थी अब 3 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे जबकि परीक्षा फीस का भुगतान 2 नवंबर तक कर सकेंगे. पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर तक निर्धारित की गई थी जिसे अब बढ़ा कर 3 नवंबर तक किया गया है. मामले में बीपीएससी की तरफ से जानकारी दी गई है कि 33320 पदों पर शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन की तारीख रमन कुमार मंडल एवं अन्य की याचिका के बाद बढ़ा कर 3 नवंबर की गई है.

इसके साथ ही बीपीएससी ने याचिकाकर्ता रमन कुमार मंडल और अन्य को निर्देश दिया है कि वह अपना नाम, माता - पिता का नाम, जन्मतिथि से संबंधित साक्ष्य, आधार संख्या और मोबाइल नंबर के साथ 29 अक्टूबर तक आयोग कार्यालय में जमा करें. बता दें कि बिहार में लंबे समय से शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण की नियुक्ति की मांग की जा रही थी. इसे लेकर कई छात्र संगठनों ने राजधानी पटना में विरोध प्रदर्शन भी किया था. हालांकि हर बार बीपीएससी और शिक्षा विभाग की तरफ इसके प्रक्रियाधीन होने की बात कही जाती थी.

इसके बाद बीपीएससी ने 22 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी कर 25 सितंबर से 26 अक्टूबर तक आवेदन की तारीख तय की थी. इस बीच कुछ अभ्यर्थियों ने पर्व त्यौहार का हवाला देते हुए आवेदन की तिथि में विस्तार की मांग की थी. अब आयोग ने आवेदन की तिथि में भी विस्तार कर दी है.

TagsBihar