पटना: बिहार की सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने वादे के अनुसार लगातार प्रक्रिया जारी रख रही है. अब बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के द्वारा आयोजित विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा के अभ्यर्थियों का डमी एडमिट कार्ड जारी कर दिया है. अभ्यर्थी अपने डमी एडमिट कार्ड का अवलोकन कर जरूरी बदलाव कर सकते हैं. बोर्ड ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में किसी भी प्रकार का सुधार करने के लिए 5 नवंबर तक का समय दिया है. इसके साथ ही बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि अपने डमी एडमिट कार्ड की जांच बारीकी और सावधानीपूर्वक करें.
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने अभ्यर्थियों को खास कर नाम, जन्मतिथि, फोटो, हस्ताक्षर सहित अन्य सभी जानकारी अच्छे से जांच करने का निर्देश दिया है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि https://sletregistration.cbrt.co.in पर जाकर अपनी यूजर आइडी और पासवर्ड से लॉगइन कर अपना डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और फिर उसमें आवश्यक सुधार करें.
बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि डमी एडमिट कार्ड में त्रुटियों के सुधार के लिए पांच नवंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है. इसके बाद सुधार संबंधी किसी भी दावे पर विचार नहीं किया जायेगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने प्रवेश-पत्र में दर्ज सभी जानकारियों का मिलान कर लेना चाहिए. यदि कोई अभ्यर्थी अपनी आरक्षित श्रेणी में बदलाव करता है और नई श्रेणी के अनुसार परीक्षा शुल्क अधिक निर्धारित होता है, तो उसे अंतर की राशि पांच नवंबर तक ऑनलाइन जमा करनी होगी. निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिरिक्त शुल्क जमा नहीं करने पर श्रेणी परिवर्तन के दावे को स्वीकार नहीं किया जायेगा. समिति ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि भविष्य में प्रवेश-पत्र से संबंधित किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.