☰
Bihar

Bihar Police Constable Exam 2026: अभ्यर्थियों के लिए रेलवे चलाएगा 13 स्पेशल ट्रेनें, देखें रूट और टाइमिंग

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना(PATNA): बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बड़ी तैयारी कर ली है. अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दानापुर मंडल ने 27 और 28 जून को 13 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है. दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि परीक्षा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है. पटना, पाटलिपुत्र और दानापुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों से विभिन्न जिलों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे अभ्यर्थियों को यात्रा संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े.

बता दें, 27 जून को कुल छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा. इनमें 03201 पाटलिपुत्र–सहरसा स्पेशल रात 8 बजे रवाना होकर सुबह 5 बजे सहरसा पहुंचेगी. 03203 पटना–भभुआ स्पेशल रात 8:50 बजे प्रस्थान कर सुबह 3 बजे भभुआ पहुंचेगी. 03204 पटना–बेतिया स्पेशल रात 9 बजे खुलकर सुबह 5 बजे बेतिया पहुंचेगी. इसके अलावा 03213 पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट स्पेशल रात 9:45 बजे रवाना होकर सुबह 5:30 बजे पहुंचेगी. 03205 दानापुर–अररिया स्पेशल रात 10 बजे प्रस्थान कर सुबह 6 बजे अररिया पहुंचेगी. जबकि 03202 पटना–सीवान स्पेशल रात 11 बजे चलकर सुबह 3 बजे सीवान पहुंचेगी. इन ट्रेनों से उत्तर और पूर्व बिहार के कई जिलों के परीक्षार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा.

वहीं 28 जून को सात विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी. इनमें बख्तियारपुर–राजगीर, किऊल–गया, राजगीर–बख्तियारपुर, नवादा–झाझा, बक्सर–दानापुर, झाझा–पटना और गया–किऊल स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं. रेलवे प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी ट्रेन, समय और परीक्षा केंद्र की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें. तथा निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें. रेलवे का मानना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से परीक्षा के दौरान होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी. और परीक्षार्थियों को सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा.

TagsBihar