पटना (PATNA):अगर आप बिहार में घर खरीदने की सोच रहे है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है.क्योंकि अब बिहार सरकार कीरेरा की व्यवस्था को और आसान, पारदर्शी और डिजिटल बनाने की तैयारी है. ताकि घर खरीदारों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए ज्यादा परेशानी न उठानी पड़े. मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने रेरा की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि घर खरीदारों के हितों को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाए.
घर खरीदने वाले लोगों के अधिकारों की सुरक्षा करना उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेरा का उद्देश्य सिर्फ रियल एस्टेट सेक्टर को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि घर खरीदने वाले लोगों के अधिकारों की सुरक्षा करना भी है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि घर खरीदारों की शिकायतों और मामलों का निपटारा समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए.उन्होंने कहा कि रियल एस्टेट क्षेत्र में डेवलपर्स और प्रमोटर्स के लिए प्रक्रियाएं भी सरल बनाई जानी चाहिए, ताकि परियोजनाओं को पूरा करने में तेजी आए और लोगों को समय पर घर मिल सके.बैठक में रेरा के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने संस्था की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रेरा की प्रक्रिया को पहले से ज्यादा सरल और पारदर्शी बनाया गया है.
रेरा की कार्यप्रणाली को डिजिटल बनाने की तैयारी कर रही है सरकार
मुख्यमंत्री ने रेरा की पूरी व्यवस्था को तकनीक आधारित बनाने पर जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि रेरा को राज्य सरकार के डैशबोर्ड और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए, जिससे लंबित मामलों और उनके समाधान की बेहतर निगरानी हो सके.मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मजबूत और जवाबदेह व्यवस्था से घर खरीदारों का भरोसा बढ़ेगा और बिहार के रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा.बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, रेरा अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह सहित रेरा के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
