☰
Bihar

दबदबा था, है और रहेगा, अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने हेलिकॉप्टर से पहुंचे बृजभूषण सिंह

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की सारी तैयारी हो गई है और आज सुबह से ही मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला भी लगातार जारी है. शिवांगी सिंह को आशीर्वाद देने के लिए एक तरफ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पहुंचे तो दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह भी पहुंचे. बृजभूषण सिंह हेलिकॉप्टर से नादवां गांव पहुंचे और इस दौरान उन्होंने अनंत सिंह से मुलाकात की. बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वह बिटिया को आशीर्वाद देने आए हैं. अनंत सिंह से उनका काफी पुराना संबंध है. उन्होंने शादी में जुटी भीड़ और मेहमानों के इंतजाम की भी तारीफ की. बृजभूषण ने कहा कि यहां जनता उमड़ पड़ी है. अनंत सिंह ने जितनी अच्छी व्यवस्था हो सकती थी, उतनी अच्छी व्यवस्था की है.

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने अपने प्रभाव की बात कही. उन्होंने कहा कि मेरे अंदर बिहार का ब्लड है. इसके बाद दबदबे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि दबदबा मतलब प्रभाव होता है. और प्रभाव है, था और रहेगा. उनका यह बयान शादी समारोह में चर्चा का विषय बना हुआ है. 

बता दें कि शिवांगी सिंह की शादी को लेकर नदवां गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया है. करीब 10 एकड़ जमीन में पंडाल बनाया गया है साथ ही हाथी घोड़े भी मंगाए गए हैं. मेहमानों के आने के लिए तीन हेलीपैड भी बनाया गया है तो दूसरी तरफ घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है. घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी है. अनंत सिंह का दावा है कि शादी में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया है. खाना तैयार करने के लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए हैं. करीब 500 हलवाई और कारीगर भोजन और मिठाइयां बनाने में जुटे हैं. 

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी शिवांगी को आशीर्वाद देने शादी समारोह में पहुंचे. जदयू से अनंत सिंह के निष्कासन के बाद दोनों की यह पहली मुलाकात बताई जा रही है.