पटना (PATNA): बिहार में सरकारी कामकाज में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है. पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने एक साथ 15 अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया. इन सभी पर आम लोगों की शिकायतों की अनदेखी करने और समस्याओं के निपटारे में लापरवाही बरतने के आरोप हैं. मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
सहयोग शिविर में शिकायतों की समीक्षा के दौरान कार्रवाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहयोग शिविर में स्वयं लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुन रहे थे. इस दौरान बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने सरकारी विभागों और अधिकारियों के कामकाज को लेकर अपनी परेशानियां सामने रखीं. शिकायतों की पड़ताल और समीक्षा के क्रम में कई अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठे. बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ पहले से भी शिकायतें मिल रही थीं. मामलों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने 15 अधिकारियों और कर्मचारियों के निलंबन का आदेश जारी किया.
चार विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गिरी गाज
सरकार की ओर से जारी सूची में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों की संख्या सबसे अधिक है. इसके अलावा ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्रवाई की जद में आए हैं. मुंगेर और सुपौल जिले से दो-दो अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निलंबित किया गया है. अन्य जिलों में भोजपुर, कटिहार, भागलपुर, अररिया, गया, जहानाबाद, शेखपुरा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी और गोपालगंज के अधिकारी-कर्मी शामिल हैं.
निलंबित अधिकारियों और कर्मचारियों की पूरी सूची
- मुंगेर: जय प्रकाश, अंचल अधिकारी, हवेली खड़गपुर और अर्चना कुमारी, अंचल अधिकारी, टेटिया बंबर.
- भोजपुर: रवि रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, आरा सदर.
- कटिहार: संजीव कुमार, अंचल अधिकारी, कोढ़ा.
- भागलपुर: संतोष कुमार सुमन, अंचल अधिकारी, नवगछिया.
- अररिया: पंकज कुमार, अंचल अधिकारी, फारबिसगंज.
- गया: रमेश कुमार, अंचल अधिकारी, बोधगया.
- जहानाबाद: रंजीत कुमार उपाध्याय, अंचल अधिकारी, मखदुमपुर.
- सुपौल: प्रियंका सिंह, अंचल अधिकारी, त्रिवेणीगंज और वीणा वैशाली, कार्यपालक पदाधिकारी, निर्मली एवं सिमराही.
- शेखपुरा: रोहित कुमार दुबे, सहायक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल.
- मुजफ्फरपुर: भोला नाथ, कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, कुढ़नी.
- पश्चिम चंपारण: श्याम बाबू राय, कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, मझौलिया.
- सीतामढ़ी: पवन कुमार, कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, सुरसंड.
- गोपालगंज: शुभम कुमार, राजस्व कर्मचारी. उनका तत्कालीन पदस्थापन उचकागांव अंचल, गोपालगंज में था. वर्तमान में वह बाजपट्टी अंचल, सीतामढ़ी में पदस्थापित हैं.
जारी आदेश के मुताबिक, निलंबित किए गए 15 लोगों में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की संख्या सबसे ज्यादा है. इसके बाद लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कर्मियों पर कार्रवाई हुई है. ग्रामीण विकास और नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रतिनिधि भी इस सूची में शामिल हैं. मुख्यमंत्री के इस फैसले को आम जनता की शिकायतों के प्रति प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. सहयोग शिविर में सीधे शिकायतें सुनने के बाद की गई इस कार्रवाई से सरकारी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जनता की समस्याओं की अनदेखी और काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
