Bihar

BPSC TRE-3 Paper Leak: फरार डॉक्टर मनीष कुमार गिरफ्तार, EOU की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की TRE-3 शिक्षक भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को बड़ी सफलता मिली है. EOU ने डॉक्टर मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है. वह वर्ष 2024 से फरार चल रहा था और जांच एजेंसियों की तलाश में था.

परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र पढ़वाने की साजिश रची गई थी

जांच एजेंसी के अनुसार, डॉक्टर मनीष कुमार को पेपर लीक गिरोह के मुख्य आरोपी संजीव मुखिया के बेटे डॉ. शिव का करीबी माना जाता है. आरोप है कि उसने करीब 30 अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले हजारीबाग के एक होटल में ठहराने की व्यवस्था की थी. वहीं उन्हें कथित तौर पर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र पढ़वाने की साजिश रची गई थी.

इस पूरे नेटवर्क का अहम सदस्य माना जा रहा है

EOU की जांच में सामने आया है कि प्रत्येक अभ्यर्थी की सेटिंग कराने के बदले आरोपी को ₹50 हजार मिलने का कथित वादा किया गया था. इसी आधार पर उसे इस पूरे नेटवर्क का अहम सदस्य माना जा रहा है.

पेपर लीक मामले में सामने आया नाम

डॉक्टर मनीष कुमार ने पटना के NMCH से MBBS की पढ़ाई की है. बताया जा रहा है कि उसने सरकारी नौकरी छोड़ दी थी और पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान उसका नाम पेपर लीक मामले में सामने आया.

मामले की जांच अभी जारी है

आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, TRE-3 पेपर लीक मामले में अब तक कुल 296 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

TagsBihar