Bihar

राजधानी पटना के हाई सिक्योरिटी जोन में मिली युवक की लाश, CCTV खंगाल रही पुलिस

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
राजधानी पटना के हाई सिक्योरिटी जोन में मिली युवक की लाश, CCTV खंगाल रही पुलिस

पटना (BIHAR) : राजधानी पटना के VVIP इलाके में सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में भय का माहौल उत्पन्न हो गया है. शव जल संसाधन विभाग सचिवालय के पास और कई विधायकों के सरकारी आवास से कुछ ही दूरी पर मिला. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि युवक की पहचान हो सके और यह पता लगाया जा सके कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.

फिलहाल युवक की नहीं हो पाई है शिनाख्त

मामले को लेकर सचिवालय की एसडीपीओ अन्नू कुमारी ने बताया कि फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है और युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.

पुलिस मामले की तहकिकात में जुटी

एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत कहीं और हुई या घटनास्थल पर ही उसकी जान गई.

राजधानी का बेहद संवेदनशील और वीवीआईपी क्षेत्र

घटना जिस स्थान पर हुई है, वह राजधानी का बेहद संवेदनशील और वीवीआईपी क्षेत्र माना जाता है. यहां कई वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय और जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास स्थित हैं. ऐसे इलाके में शव मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

जांच पूरी होने के बाद किया जायेगा मामले का खुलासा

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. युवक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.