पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों का डमी एडमिट कार्ड जारी कर दिया है. बोर्ड ने डमी एडमिट कार्ड जारी करने के साथ ही छात्रों को सलाह दी है कि सभी जानकारी अच्छे से जांच कर लें ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो. इसके साथ ही यह भी बताया कि किसी भी जानकारी में अगर कोई गलती हो तो अंतिम तारीख का इंतजार किए बगैर 21 से 26 नवंबर के बीच सही करवा लें. डमी एडमिट कार्ड प्रधानाध्यापक के माध्यम से या छात्र खुद भी डाउनलोड कर जांच कर सकते हैं और उसमें किसी गलत जानकारी को ठीक करने के लिए प्रधानाध्यापक से संपर्क कर सकते हैं या फिर विशेष ईमेल आईडी पर भेज सकते हैं. बोर्ड ने मैट्रिक और इंटर के छात्रों के लिए अलग अलग ईमेल आईडी जारी किया है.
बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया कि छात्र अपना, माता पिता का नाम जन्मतिथि समेत अन्य सभी जानकारी की अच्छे से जांच कर लें. बाद में फिर इन चीजों में बदलाव नहीं किया जा सकेगा. बिहार बोर्ड ने मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थियों की समस्याओं के लिए अलग-अलग ईमेल आईडी जारी की हैं. मैट्रिक के डमी एडमिट कार्ड में सुधार से संबंधित जानकारी के लिए bseb@antiersolutions.com पर ईमेल किया जा सकता है. वहीं, इंटर के विद्यार्थियों के लिए bsebinterhelpdesk@gmail.com ईमेल आईडी जारी की गई है. सुधार के लिए ईमेल करते समय जरूरी साक्ष्य भी भेजने होंगे.
सेकेंड डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद विद्यार्थी अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि और अन्य उपलब्ध विवरण ध्यान से जांच लें. अगर कोई गलती है, तो तुरंत स्कूल के प्रधानाध्यापक को इसकी जानकारी दें. सुधार की प्रक्रिया 21 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगी. इसके बाद विद्यार्थियों को विवरण में सुधार कराने में परेशानी हो सकती है. इसलिए मैट्रिक और इंटर 2027 की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र समय रहते अपना डमी एडमिट कार्ड जरूर चेक कर लें.