पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने अगले वर्ष होने वाली मैट्रिक और इंटर परीक्षार्थियों के सेंटअप परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है. बोर्ड के द्वारा जारी तारीखों के अनुसार इंटरमीडिएट की सेटअप परीक्षा 19 से 28 नवंबर के बीच आयोजित की जाएगी जबकि मैट्रिक की सेटअप परीक्षा 23 नवंबर से 27 नवंबर तक आयोजित की जाएगी. बोर्ड ने लिखित परीक्षा के साथ ही प्रायोगिक परीक्षाओं की भी तारीख घोषित कर दी है.
दो पालियों में होगी परीक्षा
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने परीक्षाओं की तारीख के साथ ही पूरा विषयवार कार्यक्रम जारी कर दिया है. लिखित परीक्षा अलग-अलग तारीखों और दो पालियों में होगी. बिहार बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को प्रथम पाली में मातृभाषा के तहत हिंदी, बंगला, उर्दू और मैथिली की परीक्षा होगी. इसी दिन विज्ञान की परीक्षा भी निर्धारित है. द्वितीय पाली में द्वितीय भारतीय भाषा के तहत संस्कृत, हिंदी, अरबी, फारसी और भोजपुरी की परीक्षा होगी. इसके साथ सामाजिक विज्ञान की परीक्षा भी आयोजित की जाएगी. 25 नवंबर को दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए संगीत विषय की परीक्षा होगी. वहीं, 26 नवंबर को गणित और दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए गृह विज्ञान की परीक्षा निर्धारित है. इसी दिन द्वितीय पाली में अंग्रेजी (सामान्य) की परीक्षा होगी.
27 नवंबर को ऐच्छिक विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी. इनमें उच्च गणित, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, फारसी, संस्कृत, अरबी, मैथिली, ललित कला, गृह विज्ञान, नृत्य और संगीत शामिल हैं. इसके अलावा व्यावसायिक ट्रेड के विद्यार्थियों की परीक्षा भी होगी. इसमें सुरक्षा, ब्यूटिशियन, टूरिज्म, रिटेल मैनेजमेंट, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, ब्यूटी एंड वेलनेस, टेलीकॉम और आईटी/आईटीईएस जैसे विषय शामिल हैं. मैट्रिक की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित की जाएगी. प्रथम पाली में ललित कला, गृह विज्ञान, नृत्य और संगीत विषय की परीक्षा होगी. इसमें दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए संगीत विषय भी शामिल है. वहीं, दूसरी पाली में व्यावसायिक ट्रेड के विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा होगी.
परीक्षार्थियों को मिलेंगे अतिरिक्त 15 मिनट
बोर्ड के निर्देश के अनुसार, दोनों पालियों में विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और समझने के लिए 15 मिनट का शुरुआती समय दिया जाएगा. इसके अलावा स्पॉस्टिक, दृष्टिबाधित और ऐसे दिव्यांग परीक्षार्थी, जो स्वयं लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें लेखक रखने की अनुमति दी जाएगी. ऐसे विद्यार्थियों को निर्धारित परीक्षा समय के अतिरिक्त प्रति घंटे 20 मिनट का क्षतिपूर्ति समय भी मिलेगा. बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पूर्ववर्ती, कंपार्टमेंटल और इंप्रूवमेंट श्रेणी के विद्यार्थियों को सेंट-अप परीक्षा में शामिल नहीं होना है. यह परीक्षा वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में शामिल होने वाले नियमित विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है.