पटना: राजधानी पटना में रविवार को बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान के बाद देश भर में राजनीतिक तूफान आ गया है. भाजपा के आम प्रवक्ता, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तक ने बयान की निंदा की और कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की. बैठे बिठाए मिले इस मुद्दे को भाजपा यूं ही नहीं जाने देना चाहती है और पुलिस में शिकायत की है तो दूसरी तरफ अब सड़क पर उतर कर भी आरपार की लड़ाई के मूड में दिखाई दे रही है.
थाना तक पहुंचा मामला
भाजपा बिहार कार्यसमिति के सदस्य कृष्णा कुमार सिंह कल्लू ने मामले को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में खड़गे पर प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है. शिकायत के मुताबिक, 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी की गई थी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा पर निशाना साधा था. इसी दौरान सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खड़गे ने जवाब देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा.” इस टिप्पणी के बाद सभागार में हंगामे जैसी स्थिति बन गई थी.
मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग
भाजपा नेता कृष्णा कुमार सिंह कल्लू ने कोतवाली थाने में दिए आवेदन में कहा है कि सार्वजनिक मंच से किसी व्यक्ति के परिवार को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल संवेदनशील मामला है. उन्होंने सार्वजनिक जीवन में संवाद की मर्यादा और आपसी सम्मान बनाए रखने पर जोर दिया है. शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित समाचारों, वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि यदि जांच में कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए. खड़गे की टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने पहले भी इस पर आपत्ति जताई है और माफी की मांग की है. अब भाजपा नेता की शिकायत के बाद मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी.
सड़क पर उतरेगी भाजपा
मामले को लेकर भाजपा सड़क पर भी उतरने वाली है. बिहार प्रदेश भाजपा ने घोषणा की है कि मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला दहन करेगी. इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर तक विरोध मार्च करेगी और इनकम टैक्स गोलंबर पर पहुंच कर मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला दहन करेगी.