पटना(PATNA): बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), पटना को सोमवार को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया. इसके साथ ही बिपार्ड, पटना बिहार का तीसरा संस्थान बन गया है, जिसे यह अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है. इससे पहले बिपार्ड, गया और सामान्य प्रशासन विभाग को यह प्रमाण-पत्र मिल चुका है.
लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार' में आयोजित कार्यक्रम में ISO प्रमाणीकरण संस्था के प्रतिनिधि तरुण स्वरूप ने बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर को प्रमाण-पत्र सौंपा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उपस्थित रहे.
मुख्यमंत्री ने बिपार्ड को ISO 9001:2015 प्रमाण-पत्र मिलने पर संस्थान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान संस्थान की गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानक प्राप्त होना इस बात का संकेत है कि बिहार की संस्थाएँ वैश्विक मानकों के अनुरूप कार्य कर रही हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिपार्ड राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर शासन व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. संस्थान में वर्षभर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और 365 दिनों तक प्रशिक्षण की व्यवस्था संचालित रहती है. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से प्रशासनिक दक्षता बढ़ती है और सुशासन को मजबूती मिलती है.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए बिपार्ड, पटना और गया में प्रशिक्षण क्षमता के विस्तार का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नवीन तकनीकों, आधुनिक प्रबंधन पद्धतियों और प्रशासनिक नवाचारों को प्रशिक्षण प्रणाली में शामिल कर संस्थान की कार्यक्षमता को और सुदृढ़ किया जाए.
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण अवसंरचना, संसाधनों, मानवबल और पाठ्यक्रमों को मजबूत बनाने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का भी निर्देश दिया, ताकि बिपार्ड, पटना और गया को राज्य में क्षमता निर्माण एवं सुशासन के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव सह बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं ISO प्रमाणीकरण संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
