Bihar

बिहार टेंडर घोटाला: निलंबित IAS अफसरों की बढ़ी मुश्किलें, ईडी और एसवीयू की जांच तेज

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
बिहार टेंडर घोटाला: निलंबित IAS अफसरों की बढ़ी मुश्किलें, ईडी और एसवीयू की जांच तेज

पटना(PATNA):बिहार के बहुचर्चित टेंडर घोटाले में निलंबित आईएएस अधिकारी अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार सागर की मुश्किलें आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है.सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच कर रही स्पेशल विजिलेंस यूनिट यानी एसवीयू जल्द ही दोनों अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है. हाल ही में राज्य सरकार ने दोनों अधिकारियों को निलंबित किया था और अब जांच एजेंसियां उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों और टेंडर प्रक्रियाओं की पड़ताल कर रही है.

 ईडी और एसवीयू की जांच तेज

उधर, प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने भी अपनी जांच तेज कर दी है.गौरतलब है कि ईडी की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही एसवीयू में इस मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई थी.ऐसे में दोनों एजेंसियां अब समानांतर रूप से मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.सूत्र बताते हैं कि ईडी अब बेउर जेल में बंद टेंडर किंग रिशु श्री को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है.माना जा रहा है कि रिमांड के दौरान रिशु श्री से उसके नेटवर्क, कथित सहयोगियों, अधिकारियों और टेंडर प्रक्रियाओं में हुई अनियमितताओं को लेकर विस्तार से पूछताछ की जाएगी.

गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को उम्मीद

जानकारी के अनुसार, पिछले लगभग एक वर्ष से ईडी लगातार रिशु श्री को पूछताछ के लिए नोटिस भेज रही थी लेकिन हर बार किसी न किसी कारण का हवाला देकर पूछताछ टाली जाती रही.सूत्रों का कहना है कि उसके वकीलों की ओर से भी विभिन्न कारण बताकर पेशी से बचने की कोशिश की जाती रही.अब गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आ सकती है.माना जा रहा है कि इस मामले में कुछ और अधिकारियों, इंजीनियरों और प्रभावशाली लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है.