टीएनपी डेस्क: विधान पार्षद नीरज कुमार और बाहुबली विधायक अनंत सिंह के बीच का झगड़ा अभी थमता हुआ नहीं दिख रहा है. अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 4 दिसंबर तक सरेंडर करना है. अनंत सिंह की बेटी की शादी हो गई,इस शादी की चर्चा खूब हुई. लेकिन उसके बाद भी एमएलसी नीरज कुमार ने अनंत सिंह का नाम लिए बगैर तंज कसा है और कहा है कि बिहार में कोई बाहुबली नहीं है. उन्होंने सवाल किया है कि बाहुबली कौन है? बिहार में सब अपने आप को बाहुबली कहता है. यहां सब "पिपरी" होता है, जो कटेगा तो पता भी नहीं चलेगा। आनंद मोहन के संबंध में उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति या पार्टी का मसला नहीं है. यह सुप्रीम कोर्ट का मामला है. आनंद मोहन को पुनर्विचार याचिका दायर करने का भी अधिकार है. लेकिन सरकार को इसमें पार्टी बनाने का कोई मतलब नहीं है. न्यायपालिका के फैसले पर हम टिप्पणी नहीं कर सकते।
बिहार सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में गोपालगंज के तत्कालिक जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन को समय से पहले रिहा करने के बिहार सरकार के फैसले को गुरुवार को रद्द कर दिया था. आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है. गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की दिसंबर 1994 में मुजफ्फरपुर में भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी और आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का दोषी ठहराया गया था. निचली अदालत ने 5 अक्टूबर 2007 को उन्हें मौत की सजा सुनाई थी. जिसे पटना उच्च न्यायालय ने 2008 में आजीवन कारावास में बदल दिया था और 2012 में उच्चतम न्यायालय ने इस निर्णय को बरकरार रखा था.
जेल नियमों में किए गए संशोधन को कर दिया है ख़ारिज
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के जेल नियमों में किए गए 10 अप्रैल 2023 के संशोधन को असंवैधानिक और निष्प्रभावी घोषित करते हुए रद्द कर दिया और आनंद मोहन को समय से पहले रिहा करने के आदेश को भी निरस्त कर दिया है. खैर यह तो हुई आनंद मोहन की बात, लेकिन बिहार एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच तल्खी काफी बढ़ गई थी. यह तल्खी अभी भी दिख रही है. अनंत सिंह ने जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव प्रचार किया था. दोनों के बीच जुबानी जंग भी खूब हुई थी. इस चुनाव में नीरज कुमार ने जीत हासिल की थी. इसके बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते अनंत सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया गया है.
