Bihar

UCC पर बिहार की राजनीति गरमाई, RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने नीतीश कुमार को दिया साथ मिलकर सरकार बनाने का ऑफर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के मुद्दे को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने नीतीश कुमार को भारतीय जनता पार्टी का साथ छोड़कर आरजेडी के साथ आने और मिलकर सरकार बनाने का सीधा प्रस्ताव दिया है. उन्होंने दावा किया कि बिहार में यूसीसी को किसी भी परिस्थिति में लागू नहीं होने दिया जाएगा.

नीतीश कुमार को बताया सामाजिक न्याय का नेता

भाई वीरेंद्र ने कहा कि नीतीश कुमार पहले भी यूसीसी को लेकर अपना विरोध जाहिर कर चुके हैं. ऐसे में उन्हें भाजपा का साथ छोड़कर सामाजिक न्याय की राजनीति करने वाले दलों के साथ आना चाहिए. आरजेडी विधायक ने नीतीश कुमार को सामाजिक न्याय की विचारधारा से जुड़ा नेता बताते हुए कहा कि यदि वे आरजेडी के साथ आते हैं तो दोनों मिलकर बिहार में सरकार बनाएं और यूसीसी को लागू होने से रोकें. भाई वीरेंद्र के इस बयान ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू कर दी है. उनका बयान ऐसे समय में सामने आया है जब यूसीसी को लेकर राजनीतिक दलों के बीच लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

बिहार में बाढ़ पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा

आरजेडी विधायक ने बिहार में बाढ़ की स्थिति और केंद्रीय टीम के आगमन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ के दौरान केंद्र और बिहार सरकार प्रभावित लोगों को पर्याप्त राहत उपलब्ध कराने में विफल रही. उन्होंने कहा कि केंद्रीय टीम को बाढ़ प्रभावित इलाकों का वास्तविक आकलन करना चाहिए और नुकसान की पूरी तस्वीर केंद्र सरकार के सामने रखनी चाहिए.

बिहार के लिए विशेष पैकेज की मांग

भाई वीरेंद्र ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से बिहार के लिए विशेष सहायता और विशेष पैकेज की दिशा में पहल करने की मांग की. उन्होंने कहा कि केंद्रीय टीम को ईमानदारी से यह देखना चाहिए कि बाढ़ से आम लोगों, किसानों और उनकी संपत्ति को कितना नुकसान हुआ है. आरजेडी विधायक के मुताबिक, प्रभावित लोगों के नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार को बिहार को पर्याप्त आर्थिक सहायता देनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय टीम के दौरे के बाद बिहार को विशेष सहायता या पैकेज नहीं मिलता है तो ऐसे दौरे का कोई खास लाभ नहीं होगा.

TagsBihar