Bihar

प्रशांत किशोर के 10 हजार युवाओं को नौकरी देने के बयान पर गरमाई बिहार की राजनीति,जानिए बीजेपी ने क्या कहा

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार में रोजगार के मुद्दे पर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है. बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर के 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने के बयान के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

देश के बड़े-बड़े लोगों और उद्योग जगत से उनके संपर्क हैं -PK

प्रशांत किशोर ने कहा है कि देश के बड़े-बड़े लोगों और उद्योग जगत से उनके संपर्क हैं. वह बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 10 हजार युवाओं को देश के किसी बड़े उद्योग या फैक्ट्री में ऐसी नौकरी दिलाने की कोशिश करेंगे, जिससे वे अपना जीवन-यापन कर सकें. इसके लिए उन्होंने इच्छुक युवाओं से अपना बायोडाटा देने की भी अपील की है.

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कसा तंज

प्रशांत किशोर के इस बयान पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि बांकीपुर के विधायक बहुत व्यस्त हैं और क्षेत्र की जनता को दिखाई नहीं देंगे.

बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने उठाया सवाल

वहीं, बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने सवाल उठाया कि अगर प्रशांत किशोर के देश के बड़े उद्योगपतियों से अच्छे संपर्क हैं तो युवाओं को नौकरी के लिए बिहार से बाहर भेजने के बजाय उन उद्योगपतियों को बिहार में उद्योग लगाने के लिए क्यों नहीं लाते? उन्होंने कहा कि बिहार सरकार युवाओं को राज्य में ही रोजगार और नौकरी उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है. ऐसे में युवाओं को बाहर भेजने की बात उचित नहीं है.

भाई वीरेंद्र ने प्रशांत किशोर की पहल का समर्थन किया

दूसरी ओर, आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने प्रशांत किशोर की पहल का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि अगर कोई युवाओं को नौकरी देने की बात करता है तो उसका स्वागत होना चाहिए, लेकिन युवाओं को वास्तव में नौकरी मिलनी भी चाहिए.

रोजगार के मुद्दे पर नई राजनीतिक बहस शुरू कर दी है

अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशांत किशोर का 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने का दावा जमीन पर कितना सफल होता है. फिलहाल इस बयान ने बिहार में रोजगार के मुद्दे पर नई राजनीतिक बहस जरूर शुरू कर दी है.

 

TagsBihar