☰
Bihar

Bihar Politics: अनंत सिंह पीछे हटने को नहीं हैं तैयार, कैसे पसोपेश में है जदयू, अब क्या करेंगें नीतीश कुमार ?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पटना स्नातक सीट पर जदयू के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ बगावती तेवर अख्तियार किए बाहुबली विधायक अनंत सिंह के मामले को लेकर जदयू पसोपेश में है. गुरुवार को तो नामांकन के दिन जनसुराज के प्रत्याशी के साथ बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने रोड शो तक किया. हालांकि अनंत सिंह के बगावती तेवर को लेकर जदयू में महामंथन शुरू हो गया है. सूत्र बताते हैं कि नीतीश कुमार के पटना स्थित आवास पर इस मामले को लेकर उच्च स्तरीय बैठक हुई है. यह बैठक लगभग ढाई घंटे तक चली. इस बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, डिप्टी सीएम विजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे.  

रैली कर अनंत सिंह ने साफ़ कर दिया कि पीछे हटने को वह तैयार नहीं 

दरअसल, अनंत सिंह, नीरज कुमार का खुलकर विरोध कर रहे हैं और जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं. अनुज सिंह ने गुरुवार को नामांकन किया. उनके पक्ष में अनंत  सिंह ने पटना में रोड शो किया. इसको लेकर और सियासी पारा गरम हो गया है. नीतीश कुमार के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. अनंत सिंह पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. वह साफ-साफ कह रहे हैं कि यह चुनाव पार्टी का इलेक्शन नहीं होता है. सिंबल पर नहीं लड़ा जाता है. वह नीतीश कुमार के प्रति वफादार दिख रहे हैं, लेकिन नीरज कुमार को हरवाने के लिए सब कुछ करने को तैयार हैं और दावा कर रहे हैं कि चुनाव में नीरज कुमार की हार लगभग तय है. 

सुलह कराने के सारे प्रयास हो गए हैं बेकार, अब आगे क्या 

जदयू ने पिछले महीने दोनों में सुलह कराने की भी कोशिश की. प्रदेश कार्यालय में दोनों को साथ बैठा कर वरीय नेताओं ने बातचीत की. लेकिन बैठक कोई नतीजा नहीं  निकला. अनंत सिंह अपने रुख पर अड़े रहे. उन्होंने उस बैठक में साफ कह दिया था कि अगर नीरज कुमार चुनाव लड़ेंगे, तो खुलकर विरोध करेंगें. 23 सितंबर को जदयू ने औपचारिक रूप से नीरज कुमार को पटना स्नातक सीट से प्रत्याशी बना दिया. फिर अनंत सिंह समर्थित अनुज सिंह को जनसुराज पार्टी ने टिकट दे दिया. गुरुवार को जब अनुज कुमार ने अपना पर्चा भरा, तो अनंत सिंह ने उनका साथ देकर स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी की सुनने वाले नहीं हैं. दूसरी ओर नीरज कुमार और अनंत सिंह के झगड़े में पार्टी के नेता भी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं. बड़े से लेकर छोटे नेता सब मामले को टाल रहे हैं.  

एमएलसी चुनाव के लिए 23 सितंबर को वोटिंग होगी

सवाल उठता है कि जब नीरज कुमार जदयू के अधिकृत प्रत्याशी हैं और अनंत सिंह बागी तेवर अपनाए हुए हैं, तो क्या पार्टी अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई करेगी? यह एक बड़ा सवाल है, यह सवाल नीतीश कुमार के लिए भी है. पटना स्नातक समेत बिहार विधान परिषद की 8 एमएलसी सीटों पर चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया चल रही है. एमएलसी चुनाव के लिए 23 सितंबर को वोटिंग होगी और नतीजे 27 अक्टूबर को आएंगे. सत्ताधारी गठबंधन एनडीए में जेडीयू और बीजेपी 4-4 सीटें लड़ रही हैं. वहीं, विपक्ष से आरजेडी ने 6 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं. बाकी पर निर्दलीय, कांग्रेस और वाम दलों के नेता भी दावेदार हैं. प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी सभी 8 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है. ऐसे में विधान परिषद के चुनाव रोचक होने की संभावना नजर आ रही है.