☰
Bihar

बिहार पुलिस की बढ़ी ताकत : 90 से अधिक हाईटेक वाहनों को मिली हरी झंडी, अपराध पर लगेगी लगाम

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना: बिहार में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार पुलिस को 90 से अधिक हाईटेक गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस पुलिस बल अपराधियों के खिलाफ और अधिक तेजी तथा प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर सकेगा

कई अत्याधुनिक और लग्जरी वाहन भी शामिल

सरकार की ओर से पुलिस विभाग को उपलब्ध कराई गई इन गाड़ियों में कई अत्याधुनिक और लग्जरी वाहन भी शामिल हैं. इन वाहनों में आधुनिक संचार प्रणाली, बेहतर सुरक्षा सुविधाएं और तेज रफ्तार क्षमता जैसी कई विशेषताएं हैं. इसके अलावा राज्य के कई जिलों को पुलिस कार्यों के लिए नई बसें भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे पुलिसकर्मियों के आवागमन और विशेष अभियानों में सुविधा होगी.

सरकार का कहना है कि इन नए संसाधनों से पुलिस की गश्ती व्यवस्था मजबूत होगी। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहले की तुलना में कम समय में मौके पर पहुंच सकेगी. इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ेगा.

अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी

इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. अधिकारियों ने बताया कि राज्य में पुलिस व्यवस्था को लगातार आधुनिक बनाया जा रहा है. नई तकनीक और आधुनिक वाहनों की मदद से अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी और कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.

सरकार का मानना है कि बेहतर संसाधनों से लैस पुलिस बल जनता को बेहतर सुरक्षा देने में सक्षम होगा. आने वाले समय में भी पुलिस विभाग को जरूरत के अनुसार आधुनिक उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि बिहार में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके.

 

TagsBihar