पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले और भोजपुर में होने वाली महापंचायत को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और लोगों को जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी.
दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा
मंत्री ने कहा कि जो घटना हुई है वह निंदनीय है, लेकिन सच्चाई सामने लाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा न्यायिक जांच का आदेश दिया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ जाएगी. उन्होंने कहा, “दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा, इसलिए सभी लोगों को जांच के निष्कर्ष का इंतजार करना चाहिए.”
भोजपुर में भरत तिवारी को न्याय दिलाने के लिए आयोजित की जा रही महापंचायत पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अक्सर ऐसे मामलों को लेकर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास करते है.
सरकार उनकी बात सुनने के लिए तैयार है
मंत्री ने यह भी कहा कि भरत तिवारी के परिवार को न्याय पाने के लिए जहां भी जाने की आवश्यकता महसूस हो, वे जा सकते हैं. यदि वे मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं तो उन्हें पूरा अधिकार है और सरकार उनकी बात सुनने के लिए तैयार हैं.
आज भी वही व्यवस्था कायम है
बिहार में कानून-व्यवस्था के सवाल पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है और आज भी वही व्यवस्था कायम है. उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस पर हमला करता है, पुलिसकर्मियों की जान को खतरा पहुंचाता है या आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता है तो पुलिस को कार्रवाई करने का अधिकार है.
श्रवण कुमार ने स्पष्ट कहा कि बिहार पुलिस किसी भी हमले के सामने हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठ सकती. कानून को हाथ में लेने वालों और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है. उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच पूरी होने तक धैर्य रखने की अपील की.
