☰
Bihar

Bihar : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में बिहार का सम्मान, बेगूसराय बना Best Performing Model District

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार के डिजिटल हेल्थ सेक्टर के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है. आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत बेगूसराय जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है. 5 लाख से अधिक आबादी वाले जिलों की श्रेणी में बेगूसराय को “Best Performing Model District” का पुरस्कार दिया गया है. यह सम्मान आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के 8 साल और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के 5 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित ‘आरोग्य मंथन 2026’ कार्यक्रम में दिया गया. नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुए कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा ने बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा को यह पुरस्कार प्रदान किया.

बिहार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का काम लगातार किया जा रहा है. बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) के नेतृत्व में स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को डिजिटल हेल्थ सिस्टम से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है. इसका उद्देश्य लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं को आसान और बेहतर तरीके से पहुंचाना है. डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने और आम लोगों के लिए इन सेवाओं की पहुंच आसान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. राज्य में ABDM के अलग-अलग हिस्सों को लागू करने और उसका विस्तार करने के लिए भी लगातार काम किया जा रहा है.

बेगूसराय को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को लागू करने के प्रयासों की पहचान माना जा रहा है. इस उपलब्धि में जिला प्रशासन, जिला ABDM टीम, स्वास्थ्य संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका रही है. इनके आपसी सहयोग से जिले में ABDM को जमीनी स्तर पर लागू करने और डिजिटल हेल्थ सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने का काम किया गया. बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति ने इस उपलब्धि के लिए बेगूसराय जिला प्रशासन, ABDM टीम, स्वास्थ्य संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों और सभी संबंधित लोगों को बधाई दी है. विभाग का कहना है कि यह सम्मान राज्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन देगा.