Bihar

चिराग-मांझी विवाद पर बोले बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी : सरकार का फैसला अंतिम, एनडीए की जीत तय

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
चिराग-मांझी विवाद पर बोले बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी : सरकार का फैसला अंतिम, एनडीए की जीत तय

पटना (BIHAR) : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बीच चल रहे विवाद पर कहा कि दोनों अलग-अलग दलों के नेता हैं और अपनी-अपनी राय रखते हैं. उन्होंने कहा कि राजनीति में ऐसे मतभेद होते रहते हैं, लेकिन सरकार का फैसला ही अंतिम होता है. साथ ही उन्होंने नए टैक्स, विक्रम में रास्ता बंद किए जाने के मामले और प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने को लेकर भी सरकार का पक्ष रखा.

अशोक चौधरी के भरत परिवार से मुलाकात को लेकर उठे विवाद पर विजय चौधरी ने कहा कि यदि कोई मंत्री किसी से मिलने जाता है तो इसमें कोई गलत बात नहीं है. उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में राज्य सरकार पूरी तरह गंभीर है और न्यायिक जांच चल रही है. जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सरकार सभी पहलुओं पर विचार करेगी

राज्य सरकार की ओर से नए टैक्स लगाए जाने की चर्चा पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल केवल प्रस्ताव आया है. सरकार सभी पहलुओं पर विचार करेगी और जनता की राय को भी महत्व दिया जाएगा. इसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार जनता के हितों को ध्यान में रखकर ही कोई निर्णय लेगी.

जांच का निर्देश दिया गया है

पटना के विक्रम थाना क्षेत्र में 40 से अधिक लोगों का रास्ता और नल बंद किए जाने के मामले पर विजय चौधरी ने कहा कि जिला अधिकारी को पूरे मामले की जांच का निर्देश दे दिया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है

प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि पत्रकार भी चाहें तो चुनाव लड़ सकते हैं. वहीं, शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी का किसी को समर्थन देना कोई बड़ी बात नहीं है. हर व्यक्ति अपनी राजनीतिक पसंद के अनुसार फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है.

विजय चौधरी ने विश्वास जताया कि तमाम राजनीतिक गतिविधियों के बावजूद आगामी चुनाव में बिहार में एनडीए की ही जीत होगी. उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा एनडीए सरकार के साथ है और गठबंधन मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा.