Bihar

भ्रष्टाचार पर सख्त हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, निगरानी विभाग को किया मजबूत

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
भ्रष्टाचार पर सख्त हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, निगरानी विभाग को किया मजबूत

पटना (PATNA) : बिहार सरकार के निगरानी विभाग की ओर से आयोजित बिहार सतर्कता जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि निगरानी विभाग को और मजबूत बनाया जा रहा है ताकि भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई हो सके. इस मौके पर विभाग का नया लोगो भी जारी किया गया. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

आगे भी अभियान जारी रहेगा

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया है. सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार पर लगातार कार्रवाई की गई और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा.

उसकी सही जगह जेल है

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार को पूरी तरह खत्म करने के लिए निगरानी विभाग को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास तभी संभव है, जब भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगे. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी व्यक्ति गलत तरीके से अचानक अमीर नहीं बन सकता. यदि कोई भ्रष्टाचार कर अवैध संपत्ति अर्जित करता है तो उसकी सही जगह जेल है.

लगातार कार्रवाई की जा रही है

मुख्यमंत्री ने बताया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय की है. अब तक करीब 9,000 अधिकारियों को पहला नोटिस और 350 से अधिक अधिकारियों को दूसरा नोटिस जारी किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि सरकार को यह पता है कि किन क्षेत्रों में भ्रष्टाचार हो रहा है और उस पर लगातार कार्रवाई की जा रही है.

किसी भी तरह का समझौता नहीं

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अपराधियों और भ्रष्ट अधिकारियों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भ्रष्टाचारियों की संपत्तियों पर फिर से स्कूल खोलने की दिशा में काम किया जाए. उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में भ्रष्टाचारियों की जब्त संपत्तियों पर स्कूल खोले गए थे और इस पहल को दोबारा आगे बढ़ाने की जरूरत है.

लोगों को न्याय मिल सके

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि निगरानी विभाग को और मजबूत बनाने के लिए बिहार के सभी 9 प्रमंडलों में निगरानी थाने खोले जाएंगे  ताकि भ्रष्टाचार की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके और लोगों को न्याय मिल सके.