Bihar

बिहार: सड़कों से खत्म होगा अंधेरा, सभी स्ट्रीट लाइटें होंगी चालू, सीएम ने दिया निर्देश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): राजधानी पटना में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पटना नगर निगम क्षेत्र में लगी सभी स्ट्रीट लाइटें हर समय चालू स्थिति में रहें और खराब लाइटों की तुरंत मरम्मत कर उन्हें जल्द से जल्द ठीक किया जाए. यह निर्देश लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में आयोजित नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दिए गए. बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, रखरखाव, नई लाइटों की स्थापना और आधुनिक ऑटोमेशन सिस्टम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी की सड़कों पर बेहतर रोशनी नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है.

बैठक में मुख्यमंत्री ने भविष्य की योजना पर भी जोर देते हुए निर्देश दिया कि अब पटना में लगाए जाने वाले सभी नए स्ट्रीट लाइट सोलर आधारित हों. उन्होंने कहा कि इन लाइटों में सोलर पैनल, बैटरी और एलईडी लाइट एक ही यूनिट में इनबिल्ट हो, ताकि इनके संचालन और रखरखाव में आसानी हो तथा ऊर्जा की बचत भी सुनिश्चित की जा सके. इसके अलावा अधिकारियों को यह अध्ययन करने का भी निर्देश दिया गया कि यदि पूरे पटना नगर निगम क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटों को सोलर सिस्टम में बदला जाए तो बिजली और रखरखाव पर कितना खर्च कम होगा. इस अध्ययन के आधार पर विभाग को विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सरकार को प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठक में पटना शहर को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और आकर्षक बनाने पर भी विशेष बल दिया. उन्होंने गांधी मैदान और उसके आसपास के क्षेत्रों को बेहतर ढंग से विकसित करने तथा वहां के प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए सौंदर्यीकरण की योजना तैयार करने के निर्देश दिए. साथ ही पथ निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को स्ट्रीट लाइटों के नियमित रखरखाव, समय पर मरम्मत और बेहतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा. बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, नगर आयुक्त यशपाल मीणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

TagsBihar