पटना (PATNA): NEET पेपर लीक मामले को लेकर बुलाए गए बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. किसी भी अप्रिय घटना से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों और संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
सभी छात्रों को हिरासत में ले लिया
पटना के गांधी मैदान स्थित गेट नंबर-10 के पास करीब 10 से 15 छात्र हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए एकत्र हुए थे. छात्रों की मांग थी कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच हो और केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें. पुलिस तुरंत वहां पहुंच गई और प्रदर्शन कर रहे सभी छात्रों को हिरासत में ले लिया.
इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद कुछ यूट्यूब क्रिएटर्स को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई है. हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होगी इस बारे में तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई.
पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच
NEET पेपर लीक मामले को लेकर पूरे देश में छात्रों और विभिन्न संगठनों के बीच लगातार नाराजगी देखी जा रही है. इसी कड़ी में बिहार बंद का आह्वान किया गया था. बंद के समर्थन में कई छात्र संगठन और सामाजिक संगठन भी सामने आए हैं. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कड़ी सजा मिले.
अफवाहों से बचने की अपील
बिहार बंद को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. जानकारी के अनुसार पूरे बिहार में 70 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. पटना सहित सभी जिलों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो और आम जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
