पटना(PATNA): जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढना गांव में कथित जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. शुरुआती तौर पर जहरीली शराब से मौत का मामला माना जा रहा था, लेकिन जांच में यह सनसनीखेज हत्याकांड निकला. पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी लाली कुमार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध (नाबालिग) बालक को निरुद्ध किया गया है. पुलिस का दावा है कि चारों युवकों की हत्या प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई.
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि मृतकों को पहले शराब पीने के लिए बुलाया गया और फिर उसमें जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया. शराब पीने के कुछ ही समय बाद चारों युवकों की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पूछताछ में मुख्य आरोपी लाली कुमार ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया. पुलिस ने जहर की व्यवस्था करने के आरोप में एक सब्जी विक्रेता रुदल कुमार को भी गिरफ्तार किया है. हालांकि घटना की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए विसरा और शराब के नमूनों को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
जांच में सामने आया कि मृतक नीशू कुमार का आरोपी लाली कुमार की बहन के साथ पिछले दो से ढाई वर्षों से प्रेम संबंध था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार, नीशू और उसके साथी अक्सर इस मुद्दे पर लाली का मजाक उड़ाते थे, जिससे वह काफी नाराज था. इसी अपमान और प्रतिशोध की भावना में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चारों युवकों की हत्या की साजिश रची. पुलिस ने बताया कि शुरुआत में गवाही से जुड़े विवाद की बात सामने आई थी, लेकिन पूछताछ में प्रेम प्रसंग ही हत्या की मुख्य वजह बनकर सामने आया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी है.
