Bihar

बिहार: नकली बीज बेचने वालों पर गिरेगी गाज! कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने मांगा 3 साल का हिसाब

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने को लेकर सरकार अब और सख्त नजर आ रही है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसानों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही या अमानक बीजों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पिछले तीन वर्षों में अमानक पाए गए बीजों और संबंधित कंपनियों पर की गई कार्रवाई का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराया जाए.

मंगलवार को पटना के मीठापुर स्थित कृषि भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री ने बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं और राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने कहा कि किसानों को प्रमाणित और गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए बीज जांच व्यवस्था को और मजबूत बनाने की जरूरत है.

बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से राज्य में बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना और विस्तार की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि बिहार सरकार 31 जिला स्तरीय बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना को मंजूरी दे चुकी है और इनके सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने निर्देश दिया कि इस कार्य में तेजी लाई जाए ताकि बीजों की गुणवत्ता की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके.

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हर वर्ष अमानक बीजों की शिकायतें सामने आती हैं, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है. ऐसे मामलों में संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाजार में बिक रहे बीजों की नियमित जांच हो और दोषी कंपनियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए.

कृषि मंत्री ने राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों की समीक्षा करते हुए आधार (फाउंडेशन) बीज उत्पादन बढ़ाने और बिहार राज्य बीज निगम के माध्यम से प्रमाणित बीज उत्पादन श्रृंखला को और मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना कृषि उत्पादन बढ़ाने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है और राज्य सरकार इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

TagsBihar