Bihar

बिहार: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भागलपुर में उमड़ा जनसैलाब, मंत्रियों संग हजारों ने किया योग

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

पटना(PATNA): आज यानी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भागलपुर का ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान पूरी तरह योग के रंग में रंगा नजर आया. वशिष्ठ योग फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित भव्य नि:शुल्क योग शिविर में शहर के हजारों लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया. इस भव्य कार्यक्रम में समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा माहौल ऊर्जावान और सकारात्मक हो गया.

इस विशेष योग शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे मौजूद रहे. दोनों नेताओं ने आम जनता के साथ बैठकर विभिन्न आसन और प्राणायाम किए. उनके साथ ही नगर विधायक रोहित पांडेय सहित कई गणमान्य नागरिकों और समाजसेवियों ने भी योगाभ्यास में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. नेताओं ने योग को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने और इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की बात कही.

शिविर का सफल संचालन अंतर्राष्ट्रीय योग गुरु और वशिष्ठ योग फाउंडेशन के निदेशक धीरज वशिष्ठ ने किया. उन्होंने लोगों को प्राणायाम और ध्यान की बारीकियां सिखाते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का जरिया नहीं है, बल्कि यह मन और आत्मा को भी संतुलित करता है. कार्यक्रम के अंत में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों समेत सभी उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने और एक निरोग व स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का दृढ़ संकल्प लिया.

TagsBihar