पटना (PATNA): जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में संदिग्ध जहरीले नशीले पदार्थ के सेवन से चार युवकों की मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. मृतकों की पहचान शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशु कुमार (30) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि चारों युवक गांव के पास एक साथ बैठे थे और वहीं किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे. कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे अचेत होकर गिर पड़े. परिजनों के मुताबिक, सभी के मुंह से झाग निकल रहा था. ग्रामीणों ने उन्हें पहले स्थानीय निजी क्लीनिक और फिर अनुमंडल अस्पताल बाढ़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया. हालांकि इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया.
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. घटनास्थल से शराब की बोतलें भी बरामद होने की बात सामने आई है, जिसके बाद जहरीली शराब पीने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवकों ने शराब पी थी या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था. मामले की जांच के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
अनुमंडल अस्पताल बाढ़ की सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर युवकों की हालत बेहद गंभीर थी और उनके मुंह से झाग निकल रहा था. प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. डॉक्टर ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत जहरीली शराब से हुई या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन से. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम तथा फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
