Bihar

बड़ी खबर : पटना में 17 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में झूलता मिला शव

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पटना (PATNA): राजधानी पटना में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली. छात्रा का शव पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद छात्रावास परिसर में हड़कंप मच गया और इलाके में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार, मृतका समस्तीपुर जिले की रहने वाली थी और वर्ष 2024 से पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी. वह पत्रकार नगर स्थित राधे कृष्णा हॉस्टल में रह रही थी. घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. छात्रा ने हालही में 12 वीं की परीक्षा दी थी. 

पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार पटना पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं. मृतका के रिश्तेदार अमरेंद्र कुमार कर्ण ने बताया कि छात्रा हाल ही में अपने घर से वापस पटना लौटी थी. उन्होंने कहा कि उसके पिता किसान हैं, जबकि मां शिक्षिका हैं. परिवार को घटना की जानकारी फोन के जरिए मिली. रिश्तेदारों ने आशंका जताई है कि एक युवक लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था. हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की मानसिक स्थिति, सुरक्षा और उन पर पड़ने वाले सामाजिक व व्यक्तिगत दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

 

TagsBihar