पटना (PATNA):बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी ने डॉ. अनुज सिंह पर भरोसा जताया है. इस सीट पर जदयू की ओर से मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार उम्मीदवार हैं. ऐसे में दोनों के आमने-सामने आने से पटना स्नातक सीट पर सियासी गतिविधियां बढ़ गई हैं.
पटना स्नातक सीट से अनुज सिंह मैदान में
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर पिछले कई दिनों से अनुज सिंह के नाम की चर्चा चल रही थी. अब जन सुराज की ओर से उन्हें मैदान में उतारे जाने के बाद इस सीट का चुनावी समीकरण बदलता दिखाई दे रहा है. अनुज सिंह को मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिलने की बात भी राजनीतिक चर्चाओं में रही है.दूसरी ओर जदयू ने नीरज कुमार पर एक बार फिर भरोसा जताया है. नीरज कुमार पहले भी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद पहुंच चुके हैं. ऐसे में इस बार उनके सामने जन सुराज के अनुज सिंह की चुनौती होगी.
तिरहुत में भी जन सुराज की चुनावी तैयारी
जन सुराज ने तिरहुत क्षेत्र में भी अपने उम्मीदवारों के जरिए चुनावी मैदान में सक्रियता बढ़ाई है. पार्टी की ओर से डॉ. बी. मोहन कुमार को तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने की बात सामने आई है. वहीं भूषण झा को तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा गया है.इन सीटों पर उम्मीदवार उतारने के साथ ही जन सुराज ने साफ कर दिया है कि पार्टी विधान परिषद चुनाव में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
नीरज कुमार और अनुज सिंह के मुकाबले पर नजर
सबसे ज्यादा चर्चा फिलहाल पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की है. इसकी बड़ी वजह नीरज कुमार और अनुज सिंह का आमने-सामने होना है. अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच पहले से चली आ रही राजनीतिक बयानबाजी के कारण भी यह सीट सुर्खियों में है.अब उम्मीदवारों के मैदान में आने के बाद सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि स्नातक मतदाता किसके पक्ष में अपना फैसला देते हैं. चुनाव प्रचार आगे बढ़ने के साथ पटना और तिरहुत की इन सीटों पर राजनीतिक मुकाबला और तेज होने की संभावना है
