पटना (PATNA): बिहार के आरा में दिनदहाड़े हत्या की घटना सामने आई है. नवादा थाना क्षेत्र के बिहारी मिल स्थित सूर्य मंदिर के पास अपाचे बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने हार्डवेयर दुकानदार उपेन्द्र कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. बदमाशों ने दुकानदार के सिर में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के मुताबिक, उपेन्द्र कुमार सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहा गांव के रहने वाले थे. फिलहाल वह आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित गोढ़ना रोड, वार्ड संख्या 44 में अपने परिवार के साथ रहते थे.
बताया जा रहा है कि उपेन्द्र कुमार सिंह बैजू चौक के पास बैजू हार्डवेयर नाम से दुकान चलाते थे. घटना के दिन वह पहले अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने गए थे. इसके बाद वह दुकान खोलने के लिए निकले थे. इसी दौरान बिहारी मिल के सूर्य मंदिर के पास बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और सिर में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. उपेन्द्र अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे. उनके छोटे भाई सतेन्द्र कुमार सिंह भारतीय सेना में कार्यरत हैं. बताया जाता है कि करीब एक साल पहले बीमारी के कारण उनके पिता का निधन हो गया था. अब उपेन्द्र की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. दिनदहाड़े हुई हत्या ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है. बदमाशों ने दुकानदार को क्यों निशाना बनाया, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस जांच के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा.
