पटना (PATNA): राजधानी पटना में छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. संगठन की ओर से लोक भवन अधिकार मार्च का आह्वान किया गया था. मार्च में शामिल प्रदर्शनकारी BPSC 70वीं परीक्षा की न्यायिक जांच और बिहार में डोमिसाइल नीति लागू करने समेत कई मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करते नजर आए. प्रदर्शन को देखते हुए पटना जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. गांधी मैदान थाना क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी.
गांधी मैदान से शुरू हुआ मार्च
आजाद समाज पार्टी-भीम आर्मी की ओर से गांधी मैदान गेट नंबर 10 से मार्च की शुरुआत की गई. प्रदर्शनकारी अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए आगे बढ़े. संगठन ने इस मार्च के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्तियों से संबंधित अभ्यर्थियों के मुद्दों को सरकार के सामने रखने का प्रयास किया.मार्च में BPSC 70वीं परीक्षा से जुड़े विवाद की न्यायिक जांच कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई. इसके साथ ही BPSC चेयरमैन पर कार्रवाई की मांग भी प्रदर्शनकारियों की ओर से की गई.
जेपी गोलंबर पर पुलिस ने रोका
मार्च में शामिल प्रदर्शनकारी जैसे ही जेपी गोलंबर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद पुलिस और प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग लगाई गई थी. प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य अपनी मांगों को लेकर राजभवन की दिशा में मार्च करना था, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग के पास ही उन्हें रोक दिया.
डोमिसाइल नीति समेत कई मांगें उठाई
प्रदर्शन के दौरान बिहार में डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई. इसके अलावा BSSC-CGL, लाइब्रेरियन और ड्रेसर समेत विभिन्न परीक्षाओं एवं भर्तियों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की.आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने इस प्रदर्शन को छात्र एवं अभ्यर्थियों के अधिकारों से जुड़ा आंदोलन बताया. वहीं, मार्च के मद्देनजर जेपी गोलंबर और गांधी मैदान के आसपास पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई.
