पटना (PATNA) : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद राष्ट्रीय जनता दल में मंथन का दौर शुरू हो गया है. राजद के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने चुनाव परिणाम पर खुलकर अपनी बात रखते हुए पार्टी संगठन और नेतृत्व को लेकर कई अहम सुझाव दिए. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के आसपास रहने वाले कुछ लोगों को हटाने की जरूरत है, क्योंकि जनता उन लोगों से नाराज़ है और उनके खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रही है. उनका कहना था कि ऐसे लोगों की वजह से पार्टी की छवि प्रभावित हुई है.
इस चुनाव में पार्टी से बड़ी गलती हुई है
भाई वीरेंद्र ने स्वीकार किया कि इस चुनाव में पार्टी से बड़ी गलती हुई है. उन्होंने कहा कि अब राजद को नए सिरे से खुद का आकलन करना होगा और जनता के बीच जाकर दोबारा मजबूत संपर्क बनाना होगा. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और नेता मिलकर जनता का विश्वास वापस जीतने का प्रयास करेंगे.
राजद अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी
उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव का माहौल भाजपा और एनडीए के खिलाफ था, लेकिन राजद इसका लाभ नहीं उठा सकी. उनके अनुसार, भाजपा को हराने की सोच रखने वाले कई मतदाताओं ने प्रशांत किशोर को सबसे मजबूत उम्मीदवार मानते हुए उनके पक्ष में मतदान किया. यही वजह रही कि राजद अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी.
ताकि संगठन मजबूत हो सके
वरिष्ठ विधायक ने यह भी कहा कि पार्टी के भीतर कुछ ऐसे लोगों पर भरोसा किया गया जिन्होंने उस भरोसे को तोड़ा है. अब समय आ गया है कि ऐसे नेताओं की भूमिका की समीक्षा की जाए और पार्टी में ईमानदारी से काम करने वाले तथा जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले लोगों को आगे लाया जाए. उन्होंने कहा कि अच्छे और समर्पित नेताओं को नेतृत्व के करीब स्थान मिलना चाहिए ताकि संगठन मजबूत हो सके
भाई वीरेंद्र ने असहमति जताई
जदयू के इस बयान पर कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनाव प्रचार में सक्रिय रहते तो भाजपा की हार नहीं होती, भाई वीरेंद्र ने असहमति जताई. उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा को मजबूत बनाने में सबसे बड़ी भूमिका खुद नीतीश कुमार की रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में भ्रष्टाचार भी सबसे अधिक बढ़ा.
भविष्य की रणनीति किस तरह तय करता है
भाई वीरेंद्र के इस बयान को बांकीपुर उपचुनाव के बाद राजद के अंदर आत्ममंथन और संगठन में बदलाव की मांग के रूप में देखा जा रहा है. अब यह देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इन सुझावों पर क्या फैसला लेता है और भविष्य की रणनीति किस तरह तय करता है.
