☰
Bihar

पीएम के दौरे से पहले सीएम सम्राट ने नीतीश से की मुलाकात, 15 मिनट तक चली बातचीत

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से ठीक पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच हुई मुलाकात ने सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है. दरअसल, शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई. इस मुलाकात की सबसे खास बात यह रही कि नीतीश कुमार खुद बाहर आकर सम्राट चौधरी का स्वागत करते नजर आए,

बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल परियोजना उद्घाटन को लेकर भी बातचीत हुई. खबर है कि सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का न्योता भी दिया है. इस मुलाकात की तस्वीरें खुद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जिसके बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं.

बता दें कि, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल बिहार पहुंचने वाले हैं. वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ और उद्घाटन करेंगे. ऐसे में प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है.

TagsBihar