पटना (PATNA) : राजधानी पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने बांकीपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनका विश्वास भारतीय जनता पार्टी में है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और वाम दलों ने मिलकर रणनीति बनाई, लेकिन जनता ने इसे स्वीकार नहीं किया.
प्रशांत किशोर पर भी साधा निशाना
अजय आलोक ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान राष्ट्रीय जनता दल के पोलिंग एजेंट मतदाताओं को दूसरे उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने के लिए प्रेरित कर रहे थे. उन्होंने प्रशांत किशोर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह खुद को बदलाव का चेहरा बताते हैं, लेकिन उनकी राजनीति में कुटिलता दिखाई देती है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूरे चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव पर एक बार भी हमला नहीं बोला जिससे दोनों के बीच साइलेंट अंडरस्टैंडिंग होने का संदेह पैदा होता है.
भाजपा प्रवक्ता ने चुनाव के तुरंत बाद आए एग्जिट पोल और सर्वे पर सवाल उठाते हुए कहा कि शाम छह बजे मतदान समाप्त हुआ और छह बजकर दो मिनट पर सर्वे सामने आने लगे, जबकि भाजपा का पोलिंग फीडबैक रात नौ बजे तक तैयार हुआ. उन्होंने कहा कि फर्जी सर्वे के जरिए वोट प्रतिशत को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है.
भ्रम फैलाने का भी आरोप
अजय आलोक ने विपक्ष पर चुनाव के दौरान अराजकता फैलाने, भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रलोभन देने और सोशल मीडिया के जरिए भ्रम फैलाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग से कई शिकायतें कीं, जबकि विपक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई.
जनता से अपील
उन्होंने बांकीपुर की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे भ्रम और बहकावे में न आएं. साथ ही प्रशांत किशोर को सलाह दी कि यदि उन्हें जनता का समर्थन प्राप्त है तो वे आगामी पंचायत या नगर निकाय चुनाव में कारगहर से चुनाव लड़ें. अजय आलोक ने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में आएंगे और विपक्ष अपनी हार का ठीकरा व्यवस्था पर फोड़ने की कोशिश करेगा.
