Bihar

Bankipur By-Election: 422 बूथों पर मतदान शुरू, कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर चुनाव आयोग की पैनी नजर

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना (PATNA):बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है. चुनाव आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली है. चुनाव आयोग कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां अधिकारियों की विशेष टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है. हर मतदान केंद्र से वेबकास्टिंग के जरिए नजर रखी जा रही है और किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है.

422 बूथों पर मतदान शुरू

पटना के सभी 422 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है. कंट्रोल रूम से अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों के संपर्क में हैं और हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं.इधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सी.पी. ठाकुर और राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर ने पूरे परिवार के साथ पटना के डाकबंगला चौराहा स्थित राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

पहले मतदान करें, उसके बाद जलपान करें

मतदान के बाद राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर ने दावा किया कि एनडीए उम्मीदवार की जीत तय है. उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितने भी दावे कर ले, चुनाव परिणाम पर उसका कोई असर नहीं पड़ेगा.वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री सी.पी. ठाकुर ने लोगों से सुबह-सुबह मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि "पहले मतदान करें, उसके बाद जलपान करें." उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर में विकास कार्यों को आगे भी तेज गति से जारी रखा जाएगा.

TagsBihar