Bihar

बांकीपुर उपचुनाव: सुबह 9 बजे तक सिर्फ 4.61% मतदान, रविशंकर प्रसाद ने की वोट डालने की अपील

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया. हालांकि मतदान की शुरुआत धीमी रही. निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 9 बजे तक कुल 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जो अपेक्षाकृत कम माना जा रहा है. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए धीरे-धीरे पहुंच रहे हैं.

महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील

इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद पटना वीमेंस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर अपने पूरे परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे. मतदान करने के बाद उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.

हर नागरिक को मतदान जरूर करना चाहिए

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हर नागरिक को मतदान जरूर करना चाहिए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट देना हर नागरिक का अधिकार भी है और जिम्मेदारी भी. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे घरों से निकलकर मतदान केंद्र तक पहुंचें और अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करें.

अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें

उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पूरे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में मतदान हो रहा है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता किसी भी उम्मीदवार को वोट दें, लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें.

निर्वाचन आयोग ने मतदान करने की अपील की

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.निर्वाचन आयोग ने भी मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है.

सभी की नजरें दिनभर के मतदान प्रतिशत पर टिकी

अब सभी की नजरें दिनभर के मतदान प्रतिशत पर टिकी हैं. उम्मीद की जा रही है कि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ेगी और मतदान प्रतिशत में भी तेजी आएगी.

 

TagsBihar