Bihar

बांकीपुर उपचुनाव: ललन सिंह ने किया मतदान, राहुल गांधी और प्रशांत किशोर पर बोला हमला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान मतदान करने पटना पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मतदान को लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व बताते हुए लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि शुरुआती घंटों में करीब 20 प्रतिशत मतदान हो चुका है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर मतदाता को अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि मतदान करने के बाद वह वापस लौट जाएंगे.

विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला

ललन सिंह ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी का व्यवहार बेहद गैर-जिम्मेदाराना रहा है. उनके अनुसार, विपक्ष के नेता को जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ अपनी बात रखनी चाहिए. लेकिन राहुल गांधी का आचरण "सड़क छाप नेता" जैसा दिखाई देता है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि राहुल गांधी पहले भी सुप्रीम कोर्ट के नाम पर गलत बयान देकर विवादों में घिर चुके हैं और बाद में उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी.

बिहार में कानून का राज है

प्रशांत किशोर द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर लंबे समय से इसी तरह के आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन उनके दावों में कोई ठोस तथ्य नहीं होता. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बिना सबूत के आरोप लगाना उचित नहीं है और बिहार में कानून का राज है.

परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी

संसद में पेपर लीक रोकने के लिए लाए गए नए कानून पर भी ललन सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक मजबूत कदम है. उनके अनुसार, इस कानून से सख्त प्रावधान पहले कभी नहीं रहे और इससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी.

 

TagsBihar