पटना (BIHAR) : बिहार के बाकीपुर विधानसभा सीट पर होनेवाले उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है.पहले ही दिन भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों ने अपना-अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी माहौल को गर्म कर दिया.इसके साथ ही इस सीट पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है.
BJP की ओर से अभिषेक कुमार बंटी ने नामांकन दाखिल किया
बीजेपी की ओर से अभिषेक कुमार बंटी ने नामांकन दाखिल किया. अभिषेक कुमार पार्टी के सक्रिय और मजबूत कार्यकर्ता माने जाते हैं. वे कायस्थ समाज से आते हैं और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती है. पार्टी संगठन में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है, जिसका फायदा उन्हें चुनाव में मिल सकता है. नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.
राजद से रेखा गुप्ता ने भी अपना नामांकन दाखिल किया
वहीं, राजद ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है. रेखा गुप्ता ने भी अपना नामांकन दाखिल किया. वह 2025 के विधानसभा चुनाव में भी बांकीपुर सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं. हालांकि उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन वह दूसरे स्थान पर रही थी. पिछले चुनाव के अनुभव और क्षेत्र में बनी पहचान के आधार पर राजद इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है.
मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है
इस बीच, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की दावेदारी ने इस चुनाव को और अधिक रोचक बना दिया है. उनके मैदान में उतरने से मुकाबला अब केवल बीजेपी और राजद के बीच नहीं रह गया है, बल्कि त्रिकोणीय होने की संभावना बढ़ गई है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तीन प्रमुख उम्मीदवारों के चुनाव मैदान में होने से वोटों का समीकरण बदल सकता है और मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है.
जनता किस उम्मीदवार पर भरोसा जताती है टिकी नजर
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार की सबसे चर्चित सीटों में से एक माना जा रहा है. सभी प्रमुख राजनीतिक दल इस सीट पर अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं. आने वाले दिनों में नामांकन, चुनाव प्रचार और जनसभाओं के साथ चुनावी सरगर्मी और तेज होने की उम्मीद है. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इस प्रतिष्ठित सीट पर जनता किस उम्मीदवार पर अपना भरोसा जताती है.
