Bihar

पटना में आज आजाद समाज पार्टी का ‘अधिकार मार्च’, BPSC परीक्षा से डोमिसाइल नीति तक कई मांगें

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से ‘अधिकार मार्च’ आयोजित किया जा रहा है. पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम संबंधी पोस्टर के मुताबिक, मार्च गांधी मैदान के गेट नंबर-10, एक्जीबिशन रोड से शुरू होकर राज्यपाल के आवास की ओर बढ़ेगा. इस दौरान पार्टी के नेता और कार्यकर्ता विभिन्न मांगों को लेकर अपनी आवाज उठाएंगे.

70वीं BPSC परीक्षा का मुद्दा प्रमुख

अधिकार मार्च में 70वीं BPSC परीक्षा से जुड़ा मामला प्रमुख मुद्दों में शामिल है.पार्टी ने परीक्षा की न्यायिक जांच कराने की मांग रखी है. इसके साथ ही BPSC चेयरमैन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी कार्यक्रम के पोस्टर में शामिल की गई है. पार्टी का यह मार्च प्रतियोगी परीक्षाओं के अलावा रोजगार, आरक्षण से जुड़े प्रावधान और कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों जैसे मुद्दों पर भी केंद्रित रहेगा.

सफाई कर्मचारियों की स्थिति में सुधार की मांग 

आजाद समाज पार्टी ने बिहार के नगर निगमों में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों से जुड़े कई विषयों को मार्च के एजेंडे में जगह दी है. पार्टी ने सफाई कर्मचारियों के जीवन स्तर और कामकाज की परिस्थितियों में सुधार के साथ उनकी सुरक्षा को मजबूत करने की मांग उठाई है. पोस्टर में सफाई व्यवस्था के आधुनिकीकरण, कर्मचारियों की व्यावसायिक सुरक्षा, नियमित रोजगार और बेहतर वेतन जैसे विषयों का उल्लेख किया गया है. इसके अलावा आवश्यक बुनियादी ढांचे और कर्मचारियों के लिए प्रभावी कल्याणकारी सहायता व्यवस्था विकसित करने की मांग भी रखी गई है.

बिहार की भर्तियों में 85 % डोमिसाइल की मांग 

मार्च के दौरान बिहार की सरकारी भर्तियों में 85 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी. पार्टी चाहती है कि राज्य में होने वाली सभी भर्तियों में स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए इस नीति को लागू किया जाए.

sc-st के लिए ऑनलाइन FIR की मांग 

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग से जुड़े मामलों को लेकर भी पार्टी ने एक मांग सामने रखी है. पार्टी के कार्यक्रम संबंधी पोस्टर में SC-ST वर्ग के लिए ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करने की व्यवस्था लागू करने की बात कही गई है.पार्टी की ओर से जारी पोस्टर के अनुसार, इस अधिकार मार्च में बिहार प्रदेश अध्यक्ष जौहर आजाद सहित संगठन के अन्य नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के नाम और तस्वीर के साथ जारी पोस्टर के जरिए लोगों से भी मार्च में शामिल होने की अपील की गई है.

 

TagsBihar