☰
Bihar

पटना में नियुक्ति की मांग पर परिचारी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर रोका गया मार्च

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): परिचारी पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गांधी मैदान में जुटे. हाथों में तिरंगा लिए प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए और मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की. हालांकि, पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान से जेपी गोलंबर तक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए. मौके पर दंगा नियंत्रण बल और वाटर कैनन की भी व्यवस्था की गई थी. बैरिकेडिंग के पास अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे.

परीक्षा के बाद नियुक्ति का इंतजार

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने 2023 में आवेदन किया था और 2024 में परीक्षा दी थी. इसके बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है. प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वे करीब एक महीने से अपनी मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नियुक्ति की समयसीमा नहीं बताई गई है. परिचारी संघ के मुताबिक करीब 9,799 पदों पर नियुक्ति का मामला लंबित है. संघ की मांग है कि प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और अभ्यर्थियों को आगे की कार्रवाई के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे इंतजार के कारण कई अभ्यर्थी आर्थिक परेशानी और मानसिक दबाव का सामना कर रहे हैं.

अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने का दावा

प्रदर्शन में शामिल कुछ अभ्यर्थी आमरण अनशन पर भी बैठे हैं. प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, अनशन पर बैठे कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ रही है. ऐसे अभ्यर्थियों को फोल्डिंग बेड पर लिटाकर प्रदर्शन स्थल तक लाया गया. इस दावे के संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई जानकारी सामने नहीं आई है. परिचारी संघ के एक सदस्य ने कहा कि अभ्यर्थी अपनी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए उनके आवास जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर पर रोक दिया. फिलहाल अभ्यर्थी नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग पर कायम हैं.

TagsBihar